Business

तांबे की कीमतों में तेजी, MCX पर 1,298 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा भाव

आज 19 जनवरी 2026 को तांबे की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन देशों पर टैरिफ लगाने की योजना बनाई है, जो ग्रीनलैंड पर अमेरिका के प्रस्तावित प्रभाव का विरोध कर रहे हैं। वहीं, यूरोपीय देश भी अमेरिका से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहे हैं। इन भू-राजनीतिक घटनाओं के चलते तांबे के साथ-साथ सोने और चांदी की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है।

MCX यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर तांबे का भाव आज 1,298.40 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। शुक्रवार को यह कीमत 1,290 रुपये प्रति किलो थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX पर तांबे का भाव 5.8990 डॉलर प्रति पाउंड तक बढ़ा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि अमेरिकी टैरिफ की संभावित घोषणा और वैश्विक तनाव के कारण कंपनियां तांबे का स्टॉक बढ़ा रही हैं, वहीं निवेशक भी फ्यूचर्स में बड़ा निवेश कर रहे हैं।

तांबे की बढ़ती मांग भी कीमतों में उछाल का एक बड़ा कारण है। इसका इस्तेमाल बिजली के तारों, इलेक्ट्रिक वाहनों और डेटा सेंटरों में बड़े पैमाने पर होता है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में तांबा नए रिकॉर्ड स्तर तक पहुँच सकता है, जैसा कि सोने और चांदी के साथ हो रहा है।