National

भारत-EU ऐतिहासिक ट्रेड डील आज होगी घोषित, पीएम मोदी ने बताया “Mother of All Trade Deal”

भारत और यूरोपीय संघ आज एक बहुप्रतीक्षित और ऐतिहासिक व्यापार समझौते की औपचारिक घोषणा करने जा रहे हैं। 16वें भारत-EU शिखर सम्मेलन के दौरान होने वाली यह डील दोनों पक्षों के बीच व्यापार, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देगी। इस समझौते को भारत-EU संबंधों में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।

इंडिया एनर्जी वीक 2026 के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेड डील को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ भारत का यह फ्री ट्रेड एग्रीमेंट वैश्विक स्तर पर “Mother of All Trade Deal” के रूप में देखा जा रहा है। पीएम मोदी के अनुसार, यह समझौता न केवल ब्रिटेन और EFTA जैसे पहले हुए करारों को मजबूती देगा, बल्कि वैश्विक सप्लाई चेन को भी स्थिरता प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-EU के बीच वार्ता भरोसे और साझेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ी है। इस डील से भारत के मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है, साथ ही रोजगार और निवेश के नए अवसर भी खुलेंगे। उन्होंने जोर दिया कि यह समझौता केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, कानून के शासन और साझा मूल्यों को भी और मजबूत करेगा।