हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार का तीन साल पूरा होने पर आयोजित होने वाले जश्न कार्यक्रम को लेकर पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि पूरा हिमाचल दु:खी है और सरकार किस बात का जश्न मना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर फेल रही है और मंडी में जश्न मनाने का फैसला आपदा प्रभावित लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि हिमाचल भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है और बड़े आकाओं को खुश करने के लिए धारा-118 के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और बागवानों में हताशा है, कर्मचारी अपने हकों के लिए रोज़ आवाज़ उठा रहे हैं और पेंशनरों को समय पर पेंशन तक नहीं मिल रही। उन्होंने यह भी कहा कि तीन सालों का जश्न मनाने की बजाय मातम मनाना चाहिए, क्योंकि पूरे देश में अगर किसी राज्य की जग हंसाई हो रही है तो वह हिमाचल प्रदेश है।
बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर बाहर के राज्यों में जाकर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया और कहा कि बिहार की जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के बीच कोई तालमेल नहीं बचा है।
इसके अलावा, कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और पूछा कि अब तक नया अध्यक्ष क्यों नियुक्त नहीं हो पाया, जबकि बूथ स्तर पर संगठन पूरी तरह फेल हो चुका है। मुख्यमंत्री के भाजपा में गुटबाज़ी वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से जिस बीजेपी को गुटों में बंटी बताया जा रहा है, वह देश में बेहतर नतीजे ला रही है, जबकि कांग्रेस अपनी नीतियों और कार्यक्रमों पर पुनर्विचार किए बिना सुधर नहीं सकती। बिक्रम ठाकुर ने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री सुक्खू की नीतियों और परिस्थितियों के कारण उद्योग प्रदेश छोड़कर पलायन करने के लिए मजबूर हो रहे हैं।









