देश की सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस के संयुक्त अभियान में ISIS से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है। अब तक दिल्ली, झारखंड और मुंबई से 5 आतंकी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुंबई निवासी सूफियान और आफताब, झारखंड का अशहर दानिश शामिल हैं। इनके पास से भारी मात्रा में रासायनिक पदार्थ, हथियार और IED बनाने का सामान बरामद किया गया है। माना जा रहा है कि यह मॉड्यूल आगामी त्योहारी सीजन में दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में बड़े पैमाने पर आतंकी हमले की तैयारी कर रहा था।
रांची से दो आतंकी दबोचे गए
रांची पुलिस और एटीएस की कार्रवाई में इस्लामनगर इलाके से अशहर दानिश और आफताब नामक संदिग्ध आतंकी पकड़े गए। अशहर दानिश, जो बोकारो का रहने वाला है, के पास से हाइड्रोक्लोरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सल्फर पाउडर, हथियार और दिल्ली के नक्शे बरामद किए गए।
वहीं, आफताब और सूफियान को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। दोनों पर ISIS के स्लीपर सेल से जुड़े होने और केमिकल हथियार तैयार करने की साजिश रचने का आरोप है।
क्या थी आतंकी साजिश?
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पकड़े गए आतंकियों का मॉड्यूल त्योहारी सीजन में दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में बम धमाकों की योजना बना रहा था। शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि इनके नेटवर्क की जड़ें देशभर में फैली हुई हैं और विदेशी आतंकी संगठनों से भी इनके संबंध हो सकते हैं।
देशभर में छापेमारी
इस आतंकी नेटवर्क के खिलाफ दिल्ली, मुंबई और झारखंड समेत 12 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी हुई। इसमें कई डिजिटल डिवाइस, आपत्तिजनक दस्तावेज और संदिग्ध सामान बरामद किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क का पाकिस्तानी मॉड्यूल और आईएसआई से भी कनेक्शन जांच के दायरे में है।
अशहर दानिश को इस मॉड्यूल का मास्टरमाइंड माना जा रहा है और उससे लगातार पूछताछ हो रही है। एजेंसियों को उम्मीद है कि इससे आतंकी नेटवर्क की गहराई और इसके विदेशी लिंक को उजागर करने में मदद मिलेगी।
कड़ी निगरानी में इलाका
रांची के इस्लामनगर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस और एटीएस लगातार निगरानी कर रही है। कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। शुरुआती सुराग बताते हैं कि ISIS का यह मॉड्यूल भारत में अस्थिरता फैलाने और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर मोड़ने की साजिश कर रहा था।