National Politics

MGNREGA में बदलाव को लेकर कांग्रेस का हमला, सड़क से संसद तक आंदोलन का ऐलान

राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (एमजीएनआरईजीए) को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ योजना का नाम बदलने का मामला नहीं है, बल्कि गरीबों के काम के अधिकार पर सीधा हमला है। खरगे ने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ देशभर में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी और हर राज्य व जिले में विरोध प्रदर्शन होगा।

खरगे ने कहा कि सरकार लोगों से उनका संवैधानिक अधिकार छीन रही है, जिससे गरीबों की मुश्किलें और बढ़ेंगी। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इसे हीन भावना से प्रेरित निर्णय बताते हुए महात्मा गांधी का अपमान करार दिया। गुरुवार को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च निकालकर एमजीएनआरईजीए का नाम बदलने के प्रस्ताव का विरोध किया। सांसदों ने “महात्मा गांधी का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे” के नारे लगाए।

लोकसभा में विकसित भारत–ग्राम रोजगार और आजीविका मिशन संशोधन विधेयक पर करीब 14 घंटे बहस हुई। विपक्ष ने इसे स्थायी समिति को भेजने की मांग की, जबकि भाजपा ने इसे 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम बताया। कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने विधेयक को गंभीर बताते हुए विस्तृत जांच की जरूरत पर जोर दिया।