महाराष्ट्र में ठंडी हवाओं के कारण शीतलहर का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने नंदुरबार, धुले, जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर, पुणे और सोलापुर सहित 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा और नागरिकों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।शनिवार को राज्य का सबसे कम तापमान जेउर में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धुले, निफाड, परभणी और जलगांव में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
पुणे, नासिक और मालेगांव में तापमान 9 डिग्री से नीचे, जबकि सतारा, गोंदिया और भंडारा में 10 डिग्री या उससे कम दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे गिरने पर शीतलहर मानी जाती है। पुणे और सोलापुर में भी शीतलहर का असर जारी है, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मराठवाड़ा और विदर्भ में भी ठंड का प्रभाव जारी रहेगा। मौसम विभाग ने नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और रात व सुबह विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी है।


