Crime National Uttar Pradesh

यूपी में कोडीन कफ सिरप स्कैम का बड़ा खुलासा, 100 करोड़ से अधिक का रैकेट बेनकाब

उत्तर प्रदेश में फर्जी कोडीन युक्त कफ सिरप के बड़े रैकेट की जांच के दौरान लगातार चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। एसटीएफ ने वाराणसी निवासी अमित टाटा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका सहयोगी शुभम जयसवाल अब भी फरार है। जांच में पता चला कि यह नेटवर्क पूर्वांचल में सक्रिय था और यहां बनाए जा रहे अवैध कफ सिरप को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल से होते हुए बांग्लादेश तक भेजा जा रहा था। अब तक इस मामले से जुड़े करीब 40 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।

एसटीएफ के अनुसार, रांची की मेसर्स शैली ट्रेंड्स कंपनी से 37 लाख बोतलों की सप्लाई दिखाई गई और 12 मेडिकल स्टोर्स के जरिए फर्जी दस्तावेजों पर 57 करोड़ की बिक्री दर्ज की गई। सभी मेडिकल स्टोर जौनपुर से जुड़े पाए गए, जबकि मुख्य आरोपी वाराणसी के बताए जाते हैं। जांच में अमित टाटा और शुभम जयसवाल के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। दोनों के पूर्व सांसद धनंजय सिंह से संबंधों की तस्वीरें वायरल होने के बाद उनका नाम भी विवादों में आ गया, जिस पर उन्होंने सफाई देते हुए पीएम मोदी से सीबीआई जांच की मांग की है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस मिलकर इस पूरे नेटवर्क का खात्मा करने में जुटी है। अनुमान है कि यह अवैध कारोबर 100 करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है और जांच आगे बढ़ने पर कई सफेदपोश लोगों के नाम भी उजागर हो सकते हैं।