बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने मौलाना तौकीर रजा पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि वह भूल गए हैं कि राज्य में किसकी सरकार है. योगी ने चेताया, “जो लोग दंगा भड़काते हैं, उनके लिए हमारी सरकार के पास बुलडोजर है. ऐसा सबक सिखाएंगे कि पीढ़ियां याद रखेंगी.”
सीएम ने कहा कि मौलाना को लगता था कि धमकी देकर सड़कें जाम कर देंगे, लेकिन सरकार ने साफ कर दिया था कि न कर्फ्यू लगेगा, न जाम. उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी तंज कसा कि पहले दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर सम्मानित किया जाता था, लेकिन अब अपराधियों के लिए कोई सहानुभूति नहीं है.
विवाद की जड़ शुक्रवार को ‘आई लव मोहम्मद’ के बैनर और नारों के बाद उपजा तनाव है, जिसके चलते शहर में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया. प्रशासन ने मौलाना तौकीर रजा को नजरबंद कर दिया. मौलाना ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर रोका गया और मुसलमानों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है. वहीं प्रशासन का कहना है कि यह कदम शहर में शांति बनाए रखने के लिए उठाया गया है. तौकीर रजा बरेली के प्रसिद्ध सुन्नी धार्मिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं और इत्तेहाद-ए-मिल्लत परिषद के अध्यक्ष हैं.









