Himachal

CM सुक्खू ने दिए सख्त निर्देश, विभागीय परियोजनाओं को समयबद्ध करें पूरा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी प्रशासनिक सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने विभागों की योजनाओं और परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूर्ण करें ताकि जनता को इनका अधिकतम लाभ मिल सके. सचिवों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए CM ने कहा कि सरकार सुशासन और विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने मुख्य सचिव को सभी विभागों की परियोजनाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यटन, ऊर्जा, और खाद्य प्रसंस्करण को प्राथमिकता दे रही है. कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार, पर्यटन परियोजनाएं, और स्वास्थ्य संस्थानों को सुदृढ़ करने के लिए कार्य तेज किया जा रहा है. सभी मेडिकल कॉलेजों को एम्स दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक मशीनों से सुसज्जित किया जाएगा.

ई-वाहनों को बढ़ावा देने और आवश्यक ढांचा तैयार करने, एफआरए-एफसीए मामलों की शीघ्र स्वीकृति, और सभी सेवाओं के डिजिटलीकरण पर भी बल दिया गया. मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में कदम उठाने के निर्देश दिए, जिसमें दूध के दाम बढ़ाना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना शामिल है. इसके अतिरिक्त, हाल ही में हुई प्राकृतिक आपदा के नुकसान का ब्यौरा तैयार कर केंद्र को भेजने के निर्देश भी राजस्व विभाग को दिए गए। बैठक में मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.