Chhattisgarh

CM साय का बड़ा ऐलान: छत्तीसगढ़ कर्मचारियों को मिलेगा केंद्र के समान DA

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा तोहफा दिया है। सीएम ने घोषणा की है कि अब प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (DA) मिलेगा। इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का DA 58 प्रतिशत हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह ऐलान राज्य कर्मचारी संघ के आठवें प्रदेश अधिवेशन के दौरान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति गंभीर है और लंबे समय से लंबित मांगों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए समिति गठित की गई है, जो व्यावहारिक और संतुलित समाधान निकालेगी।

सीएम साय ने यह भी बताया कि इससे पहले अगस्त 2025 में DA 55 प्रतिशत था, अब 3 प्रतिशत की नई बढ़ोतरी के साथ कर्मचारियों को महंगाई के बढ़ते दबाव में अतिरिक्त राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े फैसलों में कभी देरी नहीं होगी और भविष्य में भी ऐसे निर्णय प्राथमिकता के आधार पर लिए जाएंगे। राज्य कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत करते हुए इसे सरकार की सकारात्मक सोच और कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता का प्रमाण बताया।