Delhi

दिल्ली में प्रदूषण रोकने के लिए CM रेखा गुप्ता ने DMRC को दिए कड़े निर्देश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उनके सभी निर्माण स्थलों पर धूल और प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपाय तुरंत लागू किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मेट्रो एलिवेटेड रूट के नीचे कूड़ा-कचरा हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को याद दिलाया कि सरकार प्रदूषण कम करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है और इसके बावजूद किसी भी विभाग द्वारा नियमों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं होगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने इस बात पर नाराजगी जताई कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि मेट्रो निर्माण स्थलों से धूल उड़ रही है और आसपास के इलाकों की सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने यह भी कहा कि कई जगहों पर निर्माण समाप्त होने के बाद सड़क और फुटपाथों की स्थिति खराब रहने के कारण न केवल प्रदूषण बढ़ रहा है, बल्कि यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री को ढककर रखा जाए, पानी का नियमित छिड़काव हो और मलबा सड़क पर न फैले। उन्होंने मेट्रो जैसे प्रतिष्ठित संगठन से उम्मीद जताई कि यह पर्यावरण सुरक्षा में उदाहरण पेश करे और समस्या का हिस्सा न बने। रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण करेंगी और किसी भी लापरवाही पर सीधे कार्रवाई होगी।

अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं और सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि यह पर्याप्त नहीं है और सभी विभागों को मिलकर प्रदूषण रोकने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण के खिलाफ गंभीर मोड में काम कर रही है और किसी भी सरकारी एजेंसी को नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।