Bihar National Politics

राष्ट्रगान के दौरान हंसते नजर आए सीएम नीतीश, भड़के तेजस्वी यादव

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानी शुक्रवार को पटना में एक खेल कार्यक्रम में राष्ट्रगान के दौरान हंसते और बोलते हुए कैमरे पर कैद हुए. जिसके बाद विपक्ष उनपर हमलावर हो गया है. पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने उन पर राज्य और राष्ट्र का अपमान करने का आरोप लगाया. बता दें कि पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आज सेपकटकरा विश्व कप के उद्घाटन के मौके पर नीतीश कुमार कैमरे पर आईएएस अधिकारी और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार से हंसते और बात करते हुए कैद हुए, जो मंच पर उनके ठीक बगल में खड़े थे.

पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, राष्ट्रगान का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान. बिहारवासियों, अब भी कुछ बचा है?. वहीं, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, कम से कम कृपया राष्ट्र गान का तो अपमान मत करिए मा॰ मुख्यमंत्री जी. युवा, छात्र, महिला और बुजुर्गों को तो आप प्रतिदिन अपमानित करते ही है. कभी महात्मा गांधी जी के शहादत दिवस पर ताली बजा उनकी शहादत का मखौल उड़ाते है तो कभी राष्ट्रगान का!

PS: आपको याद दिला दें कि आप एक बड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री है. चंद सेकंड के लिए भी आप मानसिक और शारीरिक रूप से स्थिर नहीं है और आपका इस तरह अचेत अवस्था में इस पद पर बने रहना प्रदेश के लिए अति चिंताजनक बात है. बिहार को बार-बार यूं अपमानित मत कीजिए.