दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान एक रोबोटिक डॉग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रेटर नोएडा स्थित Galgotias University पर आरोप लगा कि उसने चीनी कंपनी का रोबोडॉग अपने इनोवेशन के रूप में प्रदर्शित किया। सूत्रों के अनुसार, मामले के तूल पकड़ने के बाद आईटी मंत्रालय ने यूनिवर्सिटी को समिट में आवंटित स्टॉल खाली करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि स्टॉल से उपकरण और संबंधित डिवाइस हटा लिए गए हैं। हालांकि यूनिवर्सिटी की ओर से इन दावों का खंडन किया गया है। संस्थान की प्रतिनिधि डॉ. ऐश्वर्या श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें समिट छोड़ने का कोई आधिकारिक निर्देश नहीं मिला है और वे निर्धारित अवधि तक प्रदर्शनी में बने हुए हैं।
यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में स्पष्ट किया कि प्रदर्शित रोबोडॉग चीनी रोबोटिक्स कंपनी Unitree Robotics से खरीदा गया मॉडल है, जिसे छात्रों के प्रशिक्षण और शोध के लिए लर्निंग टूल के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। वायरल वीडियो में दावा किया गया था कि Unitree Go2 को ‘ओरियन’ नाम से पेश किया गया। यूनिवर्सिटी ने कहा कि उसने कभी इस डिवाइस को अपना निर्माण नहीं बताया और न ही ऐसा कोई दावा किया। विवाद के बाद समिट में पारदर्शिता और नवाचार के दावों पर सवाल उठे हैं।









