ताइवान जलडमरूमध्य में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों को देखते हुए ताइवान ने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय (MND) ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों में द्वीप के आसपास 13 चीनी सैन्य विमान, 6 नौसैनिक जहाज और एक सरकारी जहाज देखे गए।
मंत्रालय के अनुसार, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के सभी 13 विमान ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा पार कर वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में दाखिल हुए। इसके जवाब में ताइवानी सेना ने फाइटर जेट्स भेजे, नौसैनिक जहाज तैनात किए और तटीय मिसाइल रक्षा प्रणालियों को सक्रिय कर हालात पर करीबी नजर रखी।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह बीजिंग की तथाकथित “ग्रे जोन रणनीति” का हिस्सा है, जिसके तहत धीरे-धीरे सैन्य तैनाती बढ़ाकर ताइवान की सुरक्षा कमजोर करने और उसकी प्रतिक्रिया क्षमता की जांच की जाती है। इसका मकसद ताइवान पर लगातार दबाव बनाए रखना और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संदेश देना है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सितंबर महीने में अब तक 134 चीनी विमान और 68 नौसैनिक जहाजों की गतिविधियां दर्ज की गई हैं। ये आंकड़े बीते महीनों की तुलना में तेज वृद्धि को दर्शाते हैं।
गौरतलब है कि सितंबर 2020 से चीन लगातार ताइवान के आसपास अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है। हालांकि ये गतिविधियां सीधा संघर्ष टालते हुए ताइवान की संप्रभुता को चुनौती देती हैं। ताइवानी सेना ने दोहराया है कि वह PLA के किसी भी खतरे से देश के हवाई और समुद्री क्षेत्र की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।