National

कोल्ड्रिफ कफ सीरप से बच्चों की मौत, निर्माता रंगनाथन गिरफ्तार, जांच तेज

मध्य प्रदेश में कोल्ड्रिफ कफ सीरप के कारण हुई बच्चों की मौत के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है. इस कफ सीरप को बनाने वाली तमिलनाडु की फार्मा कंपनी स्नसेन फार्मा के मालिक एस. रंगनाथन को पुलिस ने चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद रंगनाथन को चेन्नई की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा लाया जाएगा.

छिंदवाड़ा एसपी अजय पांडेय के मुताबिक, जांच में यह स्पष्ट हो चुका है कि कोल्ड्रिफ सीरप में खतरनाक मिलावट की गई थी, जिससे 20 बच्चों की मौत हुई। कई अन्य राज्यों में भी बच्चों की हालत गंभीर होने और मौत की खबरें सामने आई हैं. पुलिस ने चेन्नई स्थित फार्मा कंपनी के दफ्तर पर छापा मारकर कई जरूरी दस्तावेज भी जब्त किए हैं.

सीरप की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने जांच और तेज कर दी है. यह भी संदेह जताया जा रहा है कि इस घातक लापरवाही में कंपनी के अन्य अधिकारी और डिस्ट्रीब्यूटर भी शामिल हो सकते हैं. पुलिस ने मेडिकल स्टोर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स की भी जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि वे तुरंत कोल्ड्रिफ सीरप का उपयोग बंद करें. यदि किसी बच्चे को यह दवा दी गई है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके.