संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को एक संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से लिखा है कि आज से संसद का मानसून सत्र शुरू हो चुका है। देश की सबसे बड़ी पंचायत में जनता के मुद्दों पर सार्थक बहस होगी। अत: सभी सांसदों को इस बात की जानकारी होगी कि हिमाचल प्रदेश भीषण प्राकृतिक आपदा से गुजऱ रहा है। इस आपदा में लोगों के आशियाने उजड़ गए, जानें चली गईं, जीवन भर की पूंजी और उम्मीदें मलबे में दबने से लोग पीड़ा में हैं। सीएम ने कहा कि मेरा देश के सभी सम्मानित जनप्रतिनिधियों और लोकसभा एवं राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे सांसदों से आग्रह है कि वे इस सत्र में हिमाचल की आवाज़ बनें।
हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष आपदा राहत पैकेज की मांग करें। साथ ही बार-बार आने वाली आपदाओं के कारण जानने और उसे रोकने के लिए एक ठोस पहल पर भी चर्चा की जाए। एक राज्य के दु:ख और पीड़ा में होने पर पूरे देश का उसके साथ खड़ा होना ही हमारे लोकतंत्र और मानवता की पहचान है। गौर हो कि वर्तमान में राज्य से चार लोकसभा और तीन राज्यसभा के सांसद हैं और सभी भाजपा के हैं।
