Chhattisgarh

छत्तीसगढ़: गरियाबंद के दुतकैयां गांव में हिंसक झड़प, पथराव में 6 पुलिसकर्मी घायल

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र स्थित दुतकैयां गांव में रविवार को दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। यह विवाद एक पुराने मामले से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, एक साल पहले गांव के एक मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए तीन युवक हाल ही में जमानत पर रिहा हुए थे। आरोप है कि रिहाई के बाद वे गांव के लोगों को धमका रहे थे और मामले के गवाहों को परेशान कर रहे थे।

रविवार सुबह इन्हीं तीन आरोपियों ने कुछ स्थानीय युवकों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते दो समुदाय आमने-सामने आ गए। हालात बिगड़ने पर गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घरों को घेर लिया और उनमें आग लगा दी। कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।