Chhattisgarh Jobs

छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप: घर बैठे पाएँ सरकारी और निजी जॉब अलर्ट

छत्तीसगढ़ सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए एक आसान और डिजिटल समाधान पेश किया है। राज्य शासन ने ‘छत्तीसगढ़ रोजगार पंजीयन मोबाइल ऐप’ लॉन्च किया है, जिसके जरिए युवा अब घर बैठे अपनी प्रोफाइल अपडेट कर सकते हैं और सरकारी तथा निजी नौकरियों की जानकारी सीधे मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं। यह ऐप खासकर ग्रामीण युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ऐप पर पंजीकरण करना बेहद आसान है – सामान्य जानकारी भरने के बाद यूजर को आईडी, पासवर्ड और मोबाइल पिन मिल जाता है, जिससे अगली बार लॉगिन करना और भी सरल हो जाता है।

पंजीकरण के बाद उपयोगकर्ताओं को उनके जिले में उपलब्ध नौकरियों की रियल-टाइम अपडेट मिलती रहेगी। किसी भी विभाग या कंपनी में वैकेंसी निकलते ही सूचना ऐप के माध्यम से भेज दी जाती है। इसके अलावा रोजगार मेला और प्लेसमेंट कैंप की जानकारी भी समय और स्थान सहित उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि युवा किसी मौके को हाथ से न जाने दें।

यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और रोजगार विभाग की वेबसाइट erojgar.cg.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। यह पहल न सिर्फ बेरोजगारी कम करने में मदद करेगी, बल्कि रोजगार पंजीकरण प्रक्रिया को सहज, पारदर्शी और तेज़ भी बनाएगी। छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम युवाओं को आत्मनिर्भर और डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत प्रयास माना जा रहा है।