Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता का महाआयोजन: 6,412 जोड़ों का सामूहिक विवाह, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

छत्तीसगढ़ में सामाजिक एकता और सर्वधर्म समभाव का अनोखा उदाहरण सामने आया है। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह में पूरे प्रदेश के कुल 6,412 जोड़े एक साथ विवाह बंधन में बंधे, जिसने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बना ली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के जोड़ों ने अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया। मुख्यमंत्री ने इसे केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव बताया।

कार्यक्रम में साइंस कॉलेज मैदान पर 1,316 जोड़ों को मुख्यमंत्री ने प्रत्यक्ष आशीर्वाद दिया, जबकि अन्य जिलों के नवविवाहित जोड़े वर्चुअल माध्यम से जुड़े। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक दंपति को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए बेटी के विवाह की चिंता को सम्मान और भरोसे में बदलने वाली ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने इस अवसर पर ‘कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ का भी शुभारंभ किया, जिसकी शुरुआत सरगुजा और बस्तर संभाग के आठ जिलों से की गई है।

सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए मानक बोरा मूल्य वृद्धि, चरण पादुका योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और भूमिहीन मजदूरों के लिए आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं भी लागू की गई हैं। यह भव्य आयोजन छत्तीसगढ़ की सामाजिक एकजुटता, विकास और जनकल्याणकारी सोच का सशक्त संदेश देता है।