छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती मना रहा है और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने इस परियोजना को स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में बड़ा कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सीएनजी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में डीपीएनजी सुविधा की जानकारी ली। अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन के माध्यम से गैस उपलब्ध होगी, जिससे रिफिलिंग की झंझट खत्म होगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी।
यह परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में शुरू की गई है। इसके तहत घरेलू व व्यावसायिक उपयोग के लिए पीएनजी और वाहनों के लिए सीएनजी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सस्ती और सुलभ ऊर्जा से उद्योगों को गति मिलेगी और निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी। मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे इन जिलों में जल्द ही सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देकर विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना सरकार की प्राथमिकता है।









