National

छठ महापर्व: दिल्ली में 27 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश, बिहार में स्कूल 29 तक बंद

सूर्य उपासना का पवित्र पर्व छठ पूजा पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. आज छठ का दूसरा दिन (खरना) है, जब व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को गुड़ और चावल की खीर का प्रसाद बनाकर पूजा करते हैं. चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व शुद्धता, आत्मसंयम और पारिवारिक एकता का प्रतीक माना जाता है.

इस बार कई राज्यों ने छठ के अवसर पर विशेष अवकाश की घोषणा की है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 27 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि छठ का तीसरा दिन, यानी संध्या अर्घ्य, सबसे महत्वपूर्ण होता है. इस दिन श्रद्धालु जलाशयों के किनारे जाकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं और सुबह से ही पूजा की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. इसी कारण 27 अक्टूबर को दिल्ली में अवकाश रखा गया है.

वहीं बिहार में सभी स्कूल 29 अक्टूबर 2025 तक बंद रहेंगे और 30 अक्टूबर को खुलेंगे. उत्तर प्रदेश में भी छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, हालांकि अभी स्कूल बंदी को लेकर कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है.

छठ पूजा का उत्सव 25 से 28 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है

25 अक्टूबर: नहाय-खाय — शुद्धिकरण का दिन

26 अक्टूबर: खरना — उपवास और प्रसाद

27 अक्टूबर: संध्या अर्घ्य — डूबते सूर्य की पूजा

28 अक्टूबर: उषा अर्घ्य — उगते सूर्य को अर्घ्य देकर समापन.