हवाई यात्रियों के लिए एक अहम बदलाव किया गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने विमान के अंदर पावर बैंक को चार्ज करने और सीट पर लगे पावर सॉकेट से जोड़ने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। यह फैसला हाल के दिनों में लिथियम बैटरी से जुड़ी आग की घटनाओं को देखते हुए लिया गया है। नए नियमों के तहत यात्री पावर बैंक केवल हैंड बैग में ही ले जा सकेंगे, लेकिन उड़ान के दौरान उसका इस्तेमाल या चार्जिंग नहीं कर पाएंगे।
DGCA के मुताबिक लिथियम बैटरी में आग लगने का खतरा अधिक होता है और ओवरहेड बिन में रखे पावर बैंक तक तुरंत पहुंचना मुश्किल होता है। ऐसे में किसी आपात स्थिति में समय पर कार्रवाई नहीं हो पाती, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। इसी कारण यह सख्त कदम उठाया गया है।
नई एडवाइजरी में एयरलाइंस को लिथियम बैटरी से जुड़े जोखिमों का आकलन करने, केबिन क्रू की ट्रेनिंग की समीक्षा करने और यात्रियों को अनाउंसमेंट के जरिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को यह भी सलाह दी गई है कि यदि किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में ओवरहीटिंग, धुआं या जलने की गंध महसूस हो, तो तुरंत क्रू को सूचना दें। गौरतलब है कि एमिरेट्स, कतर एयरवेज और सिंगापुर एयरलाइंस जैसी कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस पहले ही इस तरह के प्रतिबंध लागू कर चुकी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इन नियमों का सख्ती से पालन ही उड़ानों को सुरक्षित बना सकता है।









