National

आयुष्मान कार्ड में बदलाव: बिना आधार e-KYC के कार्ड और मुफ्त इलाज अब नहीं

यदि आप या आपका परिवार आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख तक के मुफ्त इलाज का लाभ ले रहे हैं, तो ध्यान दें। सरकार ने योजना में बड़े बदलाव किए हैं। अब नया आयुष्मान कार्ड केवल तभी जारी होगा जब लाभार्थी का आधार-आधारित e-KYC पूरा होगा। पुराने कार्ड पर भी बिना e-KYC इलाज की गारंटी नहीं होगी।

नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) ने BIS 2.0 प्रणाली लागू की है, जिससे कार्ड बनाने की प्रक्रिया और सख्त हो गई है। धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े को रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अब तक 61,932 संदिग्ध कार्ड पकड़े गए हैं, जिनमें से 48,000 का फिजिकल वेरिफिकेशन शुरू हो चुका है। अगर कोई कार्ड फर्जी पाया जाता है, तो उस पर मुफ्त चिकित्सा सुविधा तुरंत रोक दी जाएगी।

इसके अलावा, परिवार में नए सदस्यों को जोड़ने की प्रक्रिया भी सीमित कर दी गई है। केवल वास्तव में जरुरतमंद लोग ही इसका लाभ उठा सकेंगे। सरकार का कहना है कि बदलाव असली जरूरतमंदों तक सुविधा पहुंचाने और सरकारी संसाधनों की बचत के लिए किए गए हैं। अगर आपका कार्ड आधार से लिंक नहीं है या जानकारी गलत है, तो अस्पताल में इलाज में दिक्कत हो सकती है। समय रहते अपना e-KYC स्टेटस चेक कर लें।