चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे मंडी-पंडोह मार्ग के चार मील के पास भूस्खलन के कारण भारी मलबा और पत्थर गिरने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। इस कारण हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चौकी प्रभारी ने जानकारी दी कि रविवार सुबह 8 बजे से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, और उम्मीद की जा रही है कि दोपहर तक मार्ग बहाल कर दिया जाएगा। शनिवार को लगातार पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने के चलते सुरक्षा कारणों से मार्ग को खोलना संभव नहीं हो पाया।
प्रशासन ने छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से रवाना करना शुरू कर दिया है, लेकिन बसों, ट्रकों और अन्य भारी वाहनों के लिए रास्ता अभी भी अवरुद्ध है। इस बंद के कारण फल-सब्जी और जरूरी सामान लेकर जा रहे वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि वे 20 घंटे से अधिक समय से भूखे-प्यासे हाईवे पर फंसे हुए हैं, और अब प्रशासन से राहत की तत्काल मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
