न्यूज़ फ्लिक्स भारत। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व ठियोग से विधायक कुलदीप राठौर ने भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र की एनडीए सरकार पर हिमाचल प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र सरकार हिमाचल के हितों को पूरी तरह अनदेखा कर रही है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के सभी भाजपा सांसद भी प्रदेश के हितों का सरंक्षण नही कर पा रहें है जो बहुत ही दुखदाई है।
कुलदीप राठौर ने केंद्र सरकार द्वारा 23 राज्यो को 3296 करोड़ पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए विशेष सहायता जारी करने की सूची में हिमाचल प्रदेश को पूरी तरह नजरअंदाज करने पर आश्चर्य जताया है। उन्होंने कहा है कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन राज्य के तौर पर विख्यात है, बाबजूद इसके केंद्र की भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार द्वारा इस राज्य को पर्यटन विकास के लिए कोई भी प्रोत्साहन न दिया जाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव कर रही है। राठौर ने कहा कि दो साल पहले प्राकृतिक आपदा के समय भी केंद्र सरकार ने हिमाचल की कोई आर्थिक सहायता नहीं की और अब पर्यटन विकास को लेकर भी पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के लोगों की पहली पसंद हिमाचल है और हर साल यहां लाखों की संख्या में पर्यटक घूमने आते है। ऐसे में केंद्र सरकार को प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए विशेष मदद देनी चाहिए।
राठौर ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से आग्रह किया है कि उन्हें प्रदेश हित मे केंद्र सरकार से इस मामले को उठा कर प्रदेश की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों को भी इस बारे में केंद्र सरकार पर दबाव बनाना चाहिए, क्योंकि प्रदेश के लोगों ने उन्हें चुन कर केंद्र में प्रदेश के हितों की पैरवी करने व प्रदेश हित के कार्यो को पूरा करने के लिये चुना है न कि प्रदेश के हितों से खिलवाड़ करने के लिए।









