केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते (डीए) को लेकर राहतभरी खबर है। दिसंबर 2025 के सीपीआई-आईडब्ल्यू (औद्योगिक श्रमिक उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) के 148.2 अंक पर पहुंचने के बाद डीए का आंकड़ा 60% से ऊपर जाने की संभावना मजबूत मानी जा रही है। सरकार औपचारिक घोषणा मार्च 2026 में कर सकती है, लेकिन बढ़ी हुई दर 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी।
सरकारी नियमों के तहत डीए साल में दो बार-1 जनवरी और 1 जुलाई-से प्रभावी होता है। अंतिम आंकड़े आने के बाद कैबिनेट की मंजूरी ली जाती है, इसलिए घोषणा में देरी होती है और कर्मचारियों को शुरुआती महीनों का एरियर एक साथ मिलता है।
यदि किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है, तो 58% डीए पर उसे 29,000 रुपये मिलते हैं। 60% होने पर यह बढ़कर 30,000 रुपये हो जाएगा, यानी करीब 1,000 रुपये मासिक बढ़ोतरी। पेंशनर्स को भी 600-700 रुपये तक अतिरिक्त लाभ मिल सकता है। 60% स्तर पार होने पर वेतन ढांचे में अन्य बदलावों की चर्चा भी तेज हो सकती है।









