केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए जल्द राहत भरी खबर आ सकती है। लेबर ब्यूरो द्वारा दिसंबर 2025 का AICPI-IW इंडेक्स जारी होने के बाद महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में करीब 2 प्रतिशत बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। अंतिम फैसला सरकार की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन उम्मीद है कि मार्च 2026 में इसका ऐलान किया जा सकता है।
सरकार साल में दो बार, जनवरी और जुलाई में DA की समीक्षा करती है ताकि बढ़ती महंगाई का असर कर्मचारियों की आय पर न पड़े। यह बढ़ोतरी बेसिक वेतन के आधार पर तय होती है, जबकि पेंशनर्स को इसी अनुपात में DR मिलता है। 7वें वेतन आयोग की अवधि समाप्त होने के बाद भी अगली सिफारिशें लागू होने तक इसी ढांचे पर गणना जारी रहेगी।
दिसंबर 2025 के AICPI-IW आंकड़े 148.2 और 12 महीने का औसत 145.54 रहने से DA करीब 60.33 प्रतिशत बनता है, जिसे राउंड ऑफ कर 60 प्रतिशत माना जा सकता है। फिलहाल DA 58 प्रतिशत है, ऐसे में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
इससे कर्मचारियों की मासिक सैलरी में सीधा इजाफा होगा। उदाहरण के तौर पर ₹20,000 बेसिक वेतन पर करीब ₹400, ₹50,000 पर ₹1,000 और ₹1 लाख बेसिक पर लगभग ₹2,000 प्रति माह अतिरिक्त मिल सकते हैं। सालाना बढ़ोतरी ₹4,800 से ₹24,000 या उससे अधिक हो सकती है। यदि सरकार घोषणा करती है, तो होली से पहले लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को आर्थिक राहत मिल सकती है।
आपको बता दें कि DA में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसको लेकर अभी केवल कयास और अनुमान ही लगाए जा रहे हैं. वास्तविक बढ़ोतरी की जानकारी सरकार की घोषणा के बाद ही पता चल पाएगी.









