National

जनगणना 2027: 1 अप्रैल से शुरू होगा पहला चरण, डिजिटल और सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा

देश की अगली जनगणना को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने बताया कि जनगणना 2027 का पहला चरण 1 अप्रैल 2026 से कुछ राज्यों में शुरू होगा, जिसमें हाउस लिस्टिंग का कार्य सितंबर तक चलेगा। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी, जिसमें करीब 31 लाख गणनाकार और एक लाख से अधिक कर्मचारी शामिल होंगे। खास बात यह है कि नागरिकों को सेल्फ-एन्यूमरेशन (स्वयं गणना) की सुविधा भी मिलेगी, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध पोर्टल के जरिए की जा सकेगी।

जनगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण में हाउस लिस्टिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में जाति और धर्म से संबंधित जानकारी भी एकत्र की जाएगी। जाति गणना को कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है, हालांकि इसकी कार्यप्रणाली अभी तय होनी बाकी है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं होगी और सभी आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रहेंगे। इनका उपयोग किसी भी कानूनी या अदालती प्रक्रिया में नहीं किया जाएगा। यह देश की 16वीं जनगणना और आजादी के बाद 8वीं जनगणना होगी, क्योंकि 2021 में होने वाली जनगणना को कोविड-19 महामारी के कारण टाल दिया गया था।