Central Board of Secondary Education (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो रही हैं। कक्षा 10 की परीक्षाएं 17 फरवरी से आरंभ होंगी, जबकि कक्षा 12 की परीक्षाएं भी इसी अवधि में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को सभी दिशा-निर्देशों की जानकारी होना आवश्यक है, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी परीक्षा केंद्र से बाहर किए जाने का कारण बन सकती है।
इस वर्ष प्रश्नपत्र पैटर्न में बदलाव किया गया है। कक्षा 10 और 12 दोनों में 50 प्रतिशत प्रश्न कॉम्पिटेंसी आधारित होंगे, 20 प्रतिशत वस्तुनिष्ठ (MCQ) और 30 प्रतिशत पारंपरिक लघु एवं दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे। कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली से किया जाएगा।
प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। जिन विषयों में प्रैक्टिकल है, उनमें थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों में अलग-अलग 33 प्रतिशत अंक लाना जरूरी होगा। परीक्षा केंद्र में सुबह 10 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। एडमिट कार्ड और स्कूल आईडी अनिवार्य हैं तथा यूनिफॉर्म में आना होगा। केवल नीला या रॉयल ब्लू पेन, पारदर्शी पाउच और पानी की बोतल की अनुमति है। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









