National

ATM कार्ड के बिना भी निकाल सकेंगे कैश, UPI और YONO से आसान हुई बैंकिंग सुविधा

डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते दौर में अब एटीएम कार्ड के बिना भी कैश निकाला जा सकता है। अगर आपके पास डेबिट कार्ड नहीं है या आप उसे घर भूल गए हैं, तो UPI आधारित ATM कैश विड्रॉल सुविधा के जरिए आसानी से पैसे निकाले जा सकते हैं। कई बैंक अब अपने एटीएम में UPI Cash Withdrawal और QR Code Scan का विकल्प दे रहे हैं, जिससे कार्ड क्लोनिंग और स्किमिंग जैसे साइबर फ्रॉड का खतरा भी कम होता है।

इस सुविधा के तहत एटीएम स्क्रीन पर UPI कैश विड्रॉल विकल्प चुनने के बाद मशीन एक QR कोड जनरेट करती है, जिसे मोबाइल में मौजूद UPI ऐप से स्कैन करना होता है। इसके बाद UPI पिन डालते ही ट्रांजैक्शन पूरा हो जाता है और कैश मिल जाता है। इस प्रक्रिया में फिजिकल कार्ड की जरूरत नहीं होती, जिससे यह तेज और सुरक्षित मानी जाती है।

साथ ही, अगर आपका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में है, तो आप YONO SBI ऐप के जरिए भी बिना कार्ड कैश निकाल सकते हैं। YONO Cash सुविधा में पहले मोबाइल ऐप से रिक्वेस्ट जनरेट करनी होती है, फिर एटीएम पर जाकर 6 अंकों का रेफरेंस नंबर और PIN डालकर कैश निकाला जा सकता है। हालांकि, इस सुविधा के लिए जरूरी है कि एटीएम में UPI फीचर उपलब्ध हो, मोबाइल में अपडेटेड UPI ऐप हो और इंटरनेट कनेक्शन चालू हो। एक बार में आमतौर पर 5,000 से 20,000 रुपये तक निकाले जा सकते हैं।