रोहतांग मार्ग पर खाई में गिरी कार, चार की मौत, एक घायल

रोहतांग सड़क मार्ग पर राहनीनाला के पास एक ऑल्टो कार (HP 01 K-7850) गहरी खाई में गिर गई, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कार में एक होटल का स्टाफ सवार था, जो रोहतांग दर्रे की ओर जा रहा था। राहनीनाला के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही मनाली थाना से पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, लेकिन सभी पर्यटक बताए जा रहे हैं। डीएसपी मनाली के.डी. शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच रही है और मामले की जांच जारी है। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

error: Content is protected !!