अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के कर्न काउंटी में 32 वर्षीय वकील नवराज राय ने इतिहास रच दिया है। उन्हें हाल ही में सुपीरियर कोर्ट में जज प्रो टेम्पोर (अस्थायी जज) के रूप में शपथ दिलाई गई, जिससे वह काउंटी के पहले सिख न्यायाधीश बन गए। यह उपलब्धि न केवल स्थानीय सिख समुदाय बल्कि पूरी काउंटी की न्यायिक व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जज प्रो टेम एक निजी वकील होता है, जिसे अदालत द्वारा मामलों के शीघ्र निपटारे और बढ़ते केस लोड को कम करने के लिए नियुक्त किया जाता है।
शपथ ग्रहण के बाद राय ने कहा कि जब उन्होंने अदालत कक्ष को लोगों से भरा देखा, तभी उन्हें एहसास हुआ कि यह पल सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि पूरे समुदाय के लिए खास है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता का भरोसा बनाए रखना और न्याय प्रणाली में विश्वास मजबूत करना होगी। राय ने बताया कि उन्हें दुनियाभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। उनके अनुसार, यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की है।









