केंद्रीय कैबिनेट ने 31 दिसंबर को हुई बैठक में देश के सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने वाले दो अहम प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी। महाराष्ट्र में नासिक–सोलापुर कॉरिडोर पर 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा, जिसकी लंबाई 374 किमी और लागत 19,142 करोड़ रुपए होगी। यह हाईवे सूरत–चेन्नई हाई-स्पीड कॉरिडोर और दिल्ली–चेन्नई राष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा होगा। प्रोजेक्ट में 27 बड़े पुल, 164 छोटे पुल, 5.6 किमी लंबा वायडक्ट, 5 रेल ओवर ब्रिज, 10 इंटरचेंज और 14 रेस्ट एरिया शामिल होंगे। नासिक और सोलापुर के बीच दूरी 432 किमी से घटकर 374 किमी होगी, औसत गति 60 से बढ़कर 100 किमी प्रति घंटा होगी।
दूसरा प्रोजेक्ट ओडिशा में NH-326 के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से जुड़ा है। 206 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट पर 1,526 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिससे आदिवासी और पिछड़े इलाकों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। दोनों प्रोजेक्ट्स से लॉजिस्टिक्स, पोर्ट कनेक्टिविटी, व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। केंद्रीय मंत्री अश्विन वैष्णव के अनुसार इन परियोजनाओं से महाराष्ट्र और ओडिशा में सड़क संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।









