झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से आ रही एक यात्री बस महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसा घाटी में दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सभी घायलों को महुआडांड़ अस्पताल पहुंचाया गया । कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बस एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रही थी। पहाड़ी और घुमावदार सड़क पर बस के अनियंत्रित होकर पलटने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।









