National Rajasthan

जयपुर में मजदूरों से भरी बस में लगी आग, 2 की मौत, 10 झुलसे

राजस्थान के जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के मनोहरपुर इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ईंट भट्टे पर काम करने वाले मजदूरों को लेकर जा रही एक बस 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। करंट लगने से बस में आग लग गई और उसमें सवार मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना उस समय हुई जब बस उत्तर प्रदेश से मजदूरों को लेकर मनोहरपुर के टोडी स्थित ईंट भट्टे पर पहुंच रही थी। रास्ते में ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन लाइन बस की छत से टकरा गई, जिससे पूरे वाहन में बिजली फैल गई। अचानक हुए हादसे से बस में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड की मदद से बस में लगी आग पर काबू पाया गया। सभी घायलों को शाहपुरा के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को सहायता देने का आश्वासन दिया है।