Entertainment

‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, दूसरे वीकेंड में वर्ल्डवाइड कमाई 374 करोड़ के पार

सनी देओल की बहुप्रतीक्षित वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही दर्शकों के दिलों पर छा गई है। 23 जनवरी को रिपब्लिक डे वीकेंड से ठीक पहले आई इस फिल्म ने पहले दिन से ही टिकट खिड़की पर शानदार प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था। दमदार ओपनिंग के बाद फिल्म ने शुरुआती चार दिनों में जबरदस्त कमाई की और दर्शकों का उत्साह लगातार बना रहा।

हालांकि पहले हफ्ते के बीच में कलेक्शन की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई, लेकिन दूसरे वीकेंड में फिल्म ने फिर से जोरदार वापसी करते हुए बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया। 10 दिनों में फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 275 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है, जबकि भारत में ग्रॉस कमाई 329 करोड़ रुपये के करीब रही। वहीं विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और ओवरसीज कलेक्शन 45 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। कुल मिलाकर वर्ल्डवाइड कलेक्शन 374 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।

यह फिल्म 1997 की सुपरहिट ‘बॉर्डर’ की भावनात्मक विरासत को आगे बढ़ाती है। निर्देशक अनुराग सिंह ने इस बार 1971 के भारत-पाक युद्ध की नई कहानियों को पर्दे पर उतारा है। कहानी ऑपरेशन चंगेज खान और उत्तर-पश्चिमी मोर्चे पर लड़ी गई लड़ाइयों पर आधारित है।

फिल्म में सनी देओल लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कलेर की भूमिका में नजर आते हैं, जबकि वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी ने भी दमदार अभिनय से कहानी को मजबूती दी है। देशभक्ति, एक्शन और भावनाओं का संगम दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रहा है, जिससे ‘बॉर्डर 2’ लगातार सफलता के नए कीर्तिमान बना रही है।