दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाली ईमेल्स ने सनसनी फैला दी है। बुधवार सुबह, शहर के विभिन्न इलाकों – द्वारका, वसंत कुंज, पश्चिम विहार और हौज खास – स्थित चार प्रतिष्ठित स्कूलों को बम होने की सूचना देने वाले ईमेल प्राप्त हुए, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। सबसे पहला धमकी भरा मेल सुबह 5:22 बजे द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल को मिला। इसके कुछ ही समय बाद वसंत कुंज के वसंत वैली स्कूल, पश्चिम विहार के रिचमंड ग्लोबल स्कूल और हौज खास के मदर इंटरनेशनल स्कूल को भी इसी प्रकार की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए।
ईमेल में संभावित बम विस्फोट की चेतावनी के चलते, संबंधित स्कूल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और अन्य आपातकालीन टीमें सभी स्कूल परिसरों में पहुंचीं। सुबह 5:30 बजे से 8:30 बजे के बीच, फायर ब्रिगेड को अलग-अलग समय पर सभी स्कूलों से कॉल्स प्राप्त हुए।
सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल सभी स्कूल भवनों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। फिलहाल सभी स्थानों पर सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई है और किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल सुरक्षा व्यवस्था और साइबर निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।









