Delhi

बजट से पहले दिल्ली विधानसभा को बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

दिल्ली में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब विधानसभा और उससे जुड़े प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसमें कई संवेदनशील पदों पर बैठे नेताओं और संस्थानों का नाम शामिल था। बताया जा रहा है कि विधानसभा और स्पीकर को सुबह अलग-अलग समय पर धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। इस ईमेल में उपराज्यपाल, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, विदेश मंत्री के साथ-साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों का भी उल्लेख किया गया था, जिससे सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।

धमकी मिलने के बाद विधानसभा परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। स्निफर डॉग स्क्वाड और बम निरोधक टीमों को मौके पर बुलाया गया और पूरे परिसर की गहन जांच की गई। स्पीकर के कक्ष समेत सभी संवेदनशील जगहों को चेक किया गया।इसी बीच जानकारी सामने आई कि मुख्यमंत्री को भी इसी तरह का एक धमकी भरा ईमेल मिला था। हालांकि, शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती दिखी।एक विधायक ने इस घटना को “झूठी धमकी” बताते हुए कहा कि सब कुछ सुरक्षित है और विधानसभा की कार्यवाही जारी रहेगी।

धमकियों के बावजूद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली का बजट पेश किया गया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अपना बजट भाषण दिया, जिसका आकार लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और साइबर एजेंसियां इस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं और मामले की जांच जारी है।