World

बीएनपी का घोषणापत्र: चुनाव से पहले बांग्लादेश में पड़ोस और अल्पसंख्यकों पर फोकस

बांग्लादेश में होने वाले आम चुनाव से पहले पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी), ने अपने 51-सूत्रीय घोषणापत्र में कई अहम वादे पेश किए हैं। पार्टी ने कहा कि वे भारत सहित सभी पड़ोसी देशों के साथ संतुलित और सकारात्मक संबंध विकसित करेंगे और सीमा पार हत्या तथा अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए कड़े कदम उठाएंगे। बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अल्पसंख्यक समुदायों, खासकर हिंदुओं के कल्याण के लिए फंडिंग बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद सरकार बनने पर रिश्तों की नींव सम्मान, समझ और सहयोग पर होगी।

घोषणापत्र में बीएनपी ने अपनी मूल विचारधारा ‘बांग्लादेश फर्स्ट’ पर जोर दिया है। इसमें पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के 19 सूत्रीय कार्यक्रम, खालिदा जिया का विजन-2030, तारिक रहमान की 31 सूत्रीय राज्य सुधार योजना और राष्ट्रीय चार्टर के प्रावधान शामिल हैं। भारत का उल्लेख करते हुए पार्टी ने कहा कि वे पद्मा, तीस्ता और अन्य सीमा पार नदियों के जल बंटवारे में बांग्लादेश के उचित हिस्से को सुनिश्चित करेंगे। बीएनपी का यह घोषणापत्र अल्पसंख्यक अधिकारों, राष्ट्रीय सुरक्षा और पड़ोसी देशों के साथ बेहतर संबंधों पर केंद्रित है।