महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) समेत राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान होना है। इसके साथ ही आज यानी मंगलवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। बीएमसी में कुल 227 वार्ड हैं, जहां करीब 1,700 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान के अगले दिन, 16 जनवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि बीएमसी के मौजूदा पार्षदों का कार्यकाल 7 मार्च 2022 को समाप्त हो चुका है। चुनाव फरवरी 2022 में होने थे, लेकिन विभिन्न कारणों से इन्हें लगातार टाल दिया गया।
सोमवार को प्रचार के अंतिम चरण में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर हमला बोला। शिंदे ने मराठी समाज की स्थिति के लिए ठाकरे को जिम्मेदार ठहराते हुए पूछा कि 25 वर्षों तक बीएमसी पर शासन करने के बावजूद शिवसेना ने क्या उपलब्धियां हासिल कीं। उल्लेखनीय है कि 1997 से 2022 तक बीएमसी पर शिवसेना का दबदबा रहा।
इस चुनाव में भाजपा 137 सीटों पर, शिंदे गुट की शिवसेना 90 सीटों पर, उद्धव ठाकरे की पार्टी 150 सीटों पर और मनसे 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं कांग्रेस ने 143 और वीबीए ने 46 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। 32 सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है, जहां प्रमुख गठबंधनों के बीच सीधी टक्कर है।









