Maharashtra

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान धमाका, मालेगांव में गैस सिलेंडर फटने से 9 लोग घायल

महाराष्ट्र के मालेगांव में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस परेड ग्राउंड के पास अचानक जोरदार धमाका हो गया। यह घटना सुबह करीब 9:15 बजे हुई, जब परेड ग्राउंड से लगभग 250 मीटर दूर गुब्बारे बेचने वाले के पास रखा नाइट्रोजन गैस सिलेंडर फट गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर डर का माहौल बन गया।

इस हादसे में कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए नासिक रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में जारी है।

घटना के समय पुलिस परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और सलामी का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्कूली छात्र और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे। धमाके के बाद कुछ देर के लिए लोगों को आतंकी घटना की आशंका भी हुई, जिससे भ्रम और अफवाहें फैल गईं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुब्बारे फुलाने के लिए इस्तेमाल हो रहे नाइट्रोजन सिलेंडर में तकनीकी खराबी या अधिक दबाव के कारण विस्फोट हुआ। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।