चंबा/नूरपुर: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने राहत सामग्री पहुंचाने का बीड़ा उठाया। नूरपुर से चंबा के लिए 5 ट्रक राहत सामग्री रवाना किए गए।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक विपिन सिंह परमार, पूर्व विधायक विक्रम जरयाल सहित अन्य नेताओं ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
भटियात विधानसभा क्षेत्र से अपने दौरे की शुरुआत करते हुए नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राहत सामग्री वितरित की। इसके बाद डलहौजी विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया, जहाँ उन्होंने विस्थापित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को समझा। स्थानीय विधायक डी.एस. ठाकुर भी इस दौरान मौजूद रहे।
चुराह विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में कई घर पूर्णतः और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। हजारों एकड़ भूमि तबाह हो गई है और अधिकांश सड़कों, पेयजल योजनाओं और बिजली आपूर्ति में भारी क्षति हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्राथमिक दायित्व है कि राहत कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को जल्द बहाल किया जाए।
डॉ. बिंदल ने यह भी बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा चंबा जिले में बड़ी संख्या में राहत सामग्री वितरित की गई है। अब न केवल प्रदेश बल्कि अन्य राज्यों से भी राहत सामग्री हिमाचल प्रदेश भेजी जा रही है, जिससे बाढ़ प्रभावित लोगों को मदद मिल रही है।