यूपी की बहुचर्चित मिल्कीपुर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पहले ही राउंड से पीछे रहने के बावजूद सपा प्रत्याशी साइकिल अपनी गति पकड़ नहीं पाई, जबकि भाजपा के ‘कमल’ ने शुरुआत से ही बढ़त बनाई। मतगणना स्थल पर सपा कार्यकर्ताओं का उत्साह गिरता चला गया।
अधूरे मन से कुछ सपाई कार्यकर्ता आधी मतगणना तक डटे रहे, लेकिन जैसे-जैसे रुझान स्पष्ट हुए, सपा के चेहरे उतरे हुए दिखाई दिए। भाजपा की लगातार बढ़त देख सपा के एजेंटों ने निराश होकर स्थल छोड़ दिया। सपा के उम्मीदवार अजीत प्रसाद के भाई अमित प्रसाद भी सुबह से मतगणना स्थल पर मौजूद रहे, लेकिन पहले राउंड के नतीजे ने ही खेल पलट दिया, जब भाजपा को 3995 मतों की बढ़त मिली।”
दूसरे राउंड में भाजपा को 4801 वोट मिले, जबकि सपा 2575 पर ही सीमित रही। इसके बाद लगभग हर राउंड में सपा पीछे होती गई। आठवें राउंड के बाद सपाई हैरिंग्टनगंज और मिल्कीपुर ब्लॉक क्षेत्र में बढ़त का दावा करते रहे, लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ। आठवें राउंड तक भाजपा को 41,646 वोट हासिल हुए, जबकि सपा 19,568 वोट पाई।
