Punjab

पंजाब में BJP को SAD के बिना जीतना होगा मुश्किल: अमरिंदर सिंह

2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गरमाने लगा है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच संभावित गठबंधन पर चर्चा शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अकेले चुनाव जीतने में सक्षम नहीं है और सत्ता में वापसी के लिए उसे SAD के साथ अपने पुराने गठबंधन को फिर से जीवित करना होगा।

अमरिंदर ने एक मीडिया पॉडकास्ट के दौरान बताया कि SAD ने 2020 में तीन विवादित कृषि कानूनों के बाद 27 साल पुराने गठबंधन को तोड़ दिया था, लेकिन अब गठबंधन की जरूरत फिर महसूस हो रही है। उन्होंने साफ किया कि बीजेपी पंजाब को पूरी तरह से समझ नहीं पाती और अकेले मजबूत संगठनात्मक आधार तैयार करने में कई चुनाव लग जाएंगे। वहीं SAD के साथ गठबंधन ही पार्टी को जरूरी कार्यबल और जमीनी नेटवर्क प्रदान कर सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री के बयान ऐसे समय में आए हैं जब राज्य बीजेपी के नेता भी इसी दिशा में संकेत दे चुके हैं। मार्च 2024 में राज्य बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने SAD-भाजपा गठबंधन की जरूरत को स्वीकार किया था, जबकि जुलाई 2025 में उन्होंने इसे पंजाब में राजनीतिक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण बताया। हालिया उपचुनाव में लगातार हार के बाद अब जमीनी स्तर से भी गठबंधन की मांग बढ़ रही है।