कांग्रेस के ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ के जवाब में भारतीय जनता पार्टी अब ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना ‘G RAM G’ के समर्थन में देशभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने जा रही है। इसको लेकर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज एक अहम बैठक बुलाई है, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता और एनडीए व बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व ग्रामीण विकास मंत्री शामिल होंगे।
बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ‘G RAM G’ कानून पर विस्तृत प्रस्तुति देंगे। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी, जिसमें बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन, संगठन महासचिव बीएल संतोष, सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महासचिव भी मौजूद रहेंगे।
राज्यों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे मनरेगा और ‘G RAM G’ की तुलना कर लोगों को जागरूक करें और बताएं कि नया कानून किस तरह ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन को मजबूती देगा। इसके तहत पूरे देश में केंद्रीय मंत्री, पार्टी महासचिव और राज्य सरकारों के वरिष्ठ मंत्री अभियान का नेतृत्व करेंगे। अभियान के दौरान मजदूरों और किसानों से सीधा संवाद, प्रेस कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।









