Politics

महिला आरक्षण बिल को लेकर BJP का देशव्यापी अभियान, 100 शहरों में जनसंपर्क की तैयारी

मोदी सरकार द्वारा लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 से लागू करने के फैसले को भारतीय जनता पार्टी बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश करने जा रही है। इसके लिए पार्टी ने देशभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू करने की योजना बनाई है। आगामी संसद के विशेष सत्र में संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने की तैयारी है, जिसे पार्टी महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बता रही है।

बीजेपी का मानना है कि यह फैसला पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों के आगामी चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी को देखते हुए 11 अप्रैल से देशभर में कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू की जाएगी। पार्टी के निर्देशानुसार 100 प्रमुख शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होंगी, जिनमें महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।

इसके साथ ही 15 प्रमुख शहरों में टाउन हॉल मीटिंग्स भी होंगी, जहां महिला हस्तियां अपने विचार रखेंगी। 100 महिला सम्मेलनों में मंच और वक्ता दोनों केवल महिलाओं के होंगे, ताकि महिला नेतृत्व को प्रमुखता दी जा सके। जिन राज्यों में बीजेपी की सरकार नहीं है, वहां केंद्रीय मंत्री और विपक्षी नेता इन कार्यक्रमों की कमान संभालेंगे, जबकि बीजेपी शासित राज्यों में मुख्यमंत्री नेतृत्व करेंगे।

अभियान के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जनसभाओं को संबोधित करेंगे। 15 और 16 अप्रैल को हर लोकसभा क्षेत्र में ‘नारी शक्ति पदयात्रा’ भी निकाली जाएगी, जिसमें महिला सेलिब्रिटी, ‘लखपति दीदी’ और सरकारी योजनाओं की लाभार्थी महिलाएं शामिल होंगी। इसी दौरान बाइक रैलियां भी आयोजित की जाएंगी। पार्टी इस पूरे अभियान के जरिए महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों और सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है।