सुंदरनगर: भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने पार्टी कार्यालय सुंदरनगर में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने की दिशा में अग्रसर कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल दस वर्षों में वह काम कर दिखाया जो पिछले 70 सालों में नहीं हो पाया।
जमवाल ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ केवल आर्थिक स्वावलंबन नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, नवाचार, कृषि और औद्योगिक विकास के माध्यम से पूरे राष्ट्र के सशक्तीकरण की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं जैसे मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, वोकल फॉर लोकल और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने गांव-गांव में युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को सशक्त बनाया है।
मुख्य प्रवक्ता ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल नारे नहीं लगाते, बल्कि संकल्प को कर्म में बदलते हैं, यही पार्टी की पहचान है। जमवाल ने हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में पर्यटन, बागवानी, औद्योगिक उत्पादन और शिक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के अपार अवसरों पर भी जोर दिया।
भाजपा प्रवक्ता सीमा ठाकुर ने कहा कि यह अभियान युवाओं को स्वावलंबन और नवाचार की दिशा में प्रेरित करता है और प्रधानमंत्री मोदी के सपने को साकार करने का माध्यम है, जिसमें हर नागरिक राष्ट्र निर्माण का सहभागी बने।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने यह संकल्प लिया कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को हिमाचल के हर गांव, हर घर तक पहुँचाया जाएगा।


