बीजापुर मुठभेड़: 31 नक्सली ढेर, 2 जवान शहीद – मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया

बीजापुर, 9 फरवरी 2025: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस ऑपरेशन में 31 नक्सली मारे गए, जबकि सुरक्षा बल के दो जवान शहीद हो गए। इसके अलावा, दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्या कहा?

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुठभेड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
“हमारी सरकार को 13 महीने हो चुके हैं और इस दौरान हमने नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी है। सुरक्षाबलों ने बहादुरी से इस अभियान को अंजाम दिया। आज बीजापुर जिले में हुए ऑपरेशन में 31 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। यह DRG, STF और बस्तर फाइटर का संयुक्त अभियान था। हमारे दो वीर जवान शहीद हुए हैं, मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की प्रतिक्रिया

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस ऑपरेशन पर कहा,
“बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में कई कैंपों से 650 से अधिक जवानों ने यह ऑपरेशन लॉन्च किया था, जो कई दिनों तक चला। आज इस अभियान में 31 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। उनके पास से AK-47, INSAS, BGL लॉन्चर और अन्य बड़े हथियार बरामद किए गए हैं। इस मुठभेड़ में हमारे दो जवान शहीद हुए हैं और दो घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने दी जानकारी

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुंदरराज पी ने बताया कि मुठभेड़ उस समय हुई जब सुरक्षाबलों को पार्क के एक इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली। ऑपरेशन के तहत जवानों ने इलाके को घेर लिया, जिसके बाद भारी गोलीबारी हुई।
“मुठभेड़ में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और विशेष कार्य बल (STF) के जवान शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान 31 नक्सली मारे गए, जबकि दो जवान शहीद हो गए हैं। घायल जवानों की हालत अब खतरे से बाहर है। तलाशी अभियान अभी भी जारी है।”

ऑपरेशन में बरामद हुए हथियार

सुरक्षा बलों ने इस अभियान के दौरान नक्सलियों के पास से कई अत्याधुनिक हथियार बरामद किए, जिनमें AK-47 राइफल, INSAS राइफल, BGL लॉन्चर और अन्य स्वचालित हथियार शामिल हैं।

सरकार की सख्ती और नक्सल विरोधी अभियान

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ महीनों से नक्सल विरोधी अभियानों को तेज किया गया है। सरकार ने राज्य में नक्सलवाद के खात्मे के लिए विशेष रणनीति अपनाई है, जिसके तहत सुरक्षाबलों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों ने इस अभियान की सफलता पर सुरक्षाबलों की सराहना की और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

error: Content is protected !!