Bihar National

Bihar: नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़, 8 महिलाओं की मौत से मातम


बिहार के नालंदा जिले में स्थित शीतला माता मंदिर में भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें कम से कम 8 महिलाओं की जान चली गई। यह घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव में हुई, जहां चैत्र महीने के अंतिम मंगलवार और शीतला अष्टमी के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे।

मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ और संकरी रास्तों के कारण अचानक अफरा-तफरी मच गई, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों में चीख-पुकार मच गई और कई श्रद्धालु खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

मृतकों में कुछ की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। मंदिर के आसपास मेला लगने के कारण रास्ते और अधिक संकरे हो गए थे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से सभी प्रभावितों को सहायता दी जाएगी और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।