Bihar Bihar Elections 2025

बिहार: मुंगेर चुनाव में बड़ा उलटफेर, जन सुराज प्रत्याशी संजय सिंह ने थामा BJP का दामन

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मुंगेर सीट पर मतदान से ठीक पहले अप्रत्याशित राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है. प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान से जुड़े प्रत्याशी संजय सिंह ने अचानक भाजपा (एनडीए) में शामिल होने का ऐलान कर दिया. मतदान से एक दिन पहले हुआ यह फैसला भाजपा की चुनावी संभावनाओं को नया मोड़ दे सकता है. संजय सिंह ने भाजपा उम्मीदवार कुमार प्रणय की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली और सार्वजनिक रूप से उनके समर्थन की घोषणा की. इस घटनाक्रम ने न सिर्फ जन सुराज के लिए झटका पैदा किया है, बल्कि मुंगेर की राजनीति में नई हलचल भी मचा दी है.

संजय सिंह ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि उनका निर्णय विकास और स्थिर शासन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. उन्होंने बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और एनडीए की विकासोन्मुख सोच से प्रभावित हैं और क्षेत्र की प्रगति के लिए भाजपा के साथ मिलकर काम करेंगे.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संजय सिंह के कदम से जन सुराज को मिलने वाला एक हिस्सा भाजपा की ओर शिफ्ट हो सकता है, जिससे कुमार प्रणय को सीधा फायदा पहुंचेगा. मुंगेर सीट पर यह बदलाव चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकता है और भाजपा के लिए जीत की राह आसान बना सकता है. मतदान से ठीक पहले हुआ यह “बड़ा खेल” मुंगेर के मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना गया है.